अहमदाबाद—अहमदाबाद के मोटेरा में स्थित आसाराम का मुख्य आश्रम अब कानूनी विवादों में है। गुजरात हाईकोर्ट ने 45,000 वर्ग मीटर से अधिक की आश्रम की जमीन को राज्य सरकार के कब्जे में लेने और आश्रम में बने अवैध निर्माणों को हटाने की मंजूरी दे दी है।
इस आश्रम की जगह अब 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनेगा। वर्तमान में इस जमीन की मार्केट वैल्यू 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की है।
गुजरात हाईकोर्ट की जस्टिस वैभवी नानावटी ने इस मामले में गुरुवार को फैसला सुनाते हुए राज्य सरकार को जमीन वापस लेने की अनुमति दे दी।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि विकास परियोजना की आवश्यकता और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए सरकारी कार्रवाई उचित है। इस फैसले के बाद अहमदाबाद नगर निगम (AMC) अब किसी भी समय अवैध निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर सकता है।


