पंजाब : चंडीगढ़ के सेक्टर-37 में स्थित पंजाब बीजेपी कार्यालय के बाहर हुए धमाके को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार, इस हमले में GHD2P नामक हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया गया, जो कथित तौर पर पाकिस्तान में बनाया जाता है। बताया जा रहा है कि धमाके के समय यह ग्रेनेड करीब 5 से 10 मीटर तक के क्षेत्र में जानलेवा प्रभाव डाल सकता है, जबकि इसके छर्रे 20 से 25 मीटर तक फैलकर आसपास मौजूद लोगों को गंभीर रूप से घायल कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि ग्रेनेड करीब 30 फुट की दूरी से फेंका गया था। जिस दीवार को पार कर इसे अंदर फेंका गया, उसकी ऊंचाई लगभग 3 फुट है और उसके ऊपर करीब 2 फुट की एल्यूमीनियम ग्रिल लगी हुई है। जहां ग्रेनेड गिरा, वहां से मुख्य प्रवेश द्वार की दूरी करीब 25 फीट बताई जा रही है। मुख्य गेट के पास सुरक्षा के लिए एक केबिन बना हुआ है, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 2 जवान 24 घंटे तैनात रहते हैं। इसके अलावा, गेट पर चंडीगढ़ पुलिस के कर्मी भी मौजूद रहते हैं। जिस स्थान पर धमाका हुआ, वहां आमतौर पर लोग अपने वाहन खड़े करते हैं और घटना के समय भी वहां कई गाड़ियां पार्क थीं।


