मलोट : मलोट उप-मंडल के गांव फतेहपुर मन्नियांवाला में आज हुई एक बेरहमी भरी हत्या की घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने आंगनवाड़ी केंद्र की सफाई करने गई हेल्पर की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने पुलिस प्रशासन के साथ-साथ पूरे इलाके को भी हिलाकर रख दिया। घटना की जानकारी मिलते ही डी एस पी लंबी हरबंस सिंह धालीवाल, एस एच ओ लंबी इंस्पैक्टर जसवीर सिंह और डी.एस.पी.डी. और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और स्थिति की बारीकी से जांच की जा रही है। डी एस पी हरबंस सिंह धालीवाल और एस एच ओ लंबी इंस्पेक्टर जसवीर सिंह ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस को सुबह 9:30 बजे सूचना मिली कि फतेहपुर मन्नियां स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में 30 वर्षीय हेल्पर रमनदीप कौर की हत्या कर दी गई है।
मृतक के पति गुरबूटन सिंह उर्फ बूटा पुत्र सुखा सिंह ने बताया कि वह अनाज मंडी में काम पर गए हुए थे और उन्हें सुबह 8:30 बजे घटना की जानकारी मिली। जब वह मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि रमनदीप की हत्या कर दी गई थी। हत्यारे ने उसके सिर पर बेरहमी से वार किया और गर्दन पर किसी धारदार ब्लेड से वार कर दिया। परिवार के अनुसार, वह हर दिन की तरह सुबह 8 बजे आंगनवाड़ी केंद्र की सफाई करने के लिए घर से निकली थी, जहां यह घटना हुई।


