पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी ने दिल्ली में एक अहम बैठक बुलाई है, जिसमें पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और शीर्ष नेतृत्व के अन्य नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी 15 नवंबर से पहले उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। हालांकि, सूची जारी करने की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों पर होगा मंथन
बैठक के दौरान केवल उम्मीदवारों के चयन तक ही चर्चा सीमित नहीं रहेगी, बल्कि चुनाव प्रबंधन, सीटों की रणनीति और पार्टी की आगामी राजनीतिक गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श हो सकता है। इस बैठक को पंजाब में चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में AAP ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ते हुए 92 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि 25 सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद नवंबर 2024 में चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में AAP ने तीन सीटें जीतीं, जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में गई। इन नतीजों के बाद विधानसभा में पार्टी की सीटों की संख्या बढ़कर 94 हो गई।
वहीं, नवंबर 2025 में तरनतारन विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में AAP उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने 12,091 मतों के अंतर से जीत हासिल की। जुलाई 2024 से नवंबर 2025 के बीच हुए सात उपचुनावों में AAP ने छह सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि एक सीट पर उसे हार मिली।
अब आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


