नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में संसद के आगामी शीतकालीन सत्र की तैयारियों और सरकार की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा सत्र के दौरान संसद में पेश किए जाने वाले विधेयकों को मंजूरी देने के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी फैसला लिया जा सकता है।
इससे पहले 18 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रीपरिषद की बैठक भारत मंडपम में आयोजित की गई थी। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में गृह और वित्त मंत्रालय समेत 11 मंत्रालयों और विभागों के सचिवों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और प्राथमिकताओं को लेकर प्रेजेंटेशन दिया था।
बैठक के दौरान गरीबी कम करने के लिए सरकार की ओर से उठाए गए कदमों और योजनाओं की सराहना की गई थी।
विश्व बैंक की रिपोर्ट में गरीबी में कमी का जिक्र
बैठक में विश्व बैंक की रिपोर्ट का भी उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस अवधि में अत्यधिक गरीबी की दर में लगभग 90 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
PM मोदी ने खर्च करने के तौर-तरीकों पर जताई थी चिंता
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भारत की संस्कृति ‘खाओ, पियो और मौज करो’ वाली नहीं है। उन्होंने चिंता जताई थी कि गरीबी से बाहर निकले कुछ लोग यदि पैसे का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं करते और गैर-जरूरी खर्च करते हैं, तो उनके दोबारा गरीबी की स्थिति में पहुंचने का खतरा हो सकता है।
ऐसे में आज होने वाली कैबिनेट बैठक को संसद के शीतकालीन सत्र से पहले सरकार की तैयारियों और नीतिगत फैसलों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।


