बेंगलुरु: पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। कर्नाटक के धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजे गए एक ईमेल में कॉन्सर्ट के दौरान IED धमाका किए जाने की चेतावनी दी गई है।
धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान जिंदाबाद का नारा भी लिखा गया है। ईमेल के मुताबिक, 29 नवंबर को बेंगलुरु के NICE रोड ग्राउंड (मदावरा) में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाया जा सकता है।
कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को भी दी गई चेतावनी
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, ईमेल भेजने वाले ने कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले लोगों को भी चेतावनी दी है। इसमें लोगों से बच्चों को साथ नहीं लाने, आईफोन का जवाब नहीं देने और मेट्रो से सफर नहीं करने की बात कही गई है।
पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी
पुलिस इस धमकी भरे ईमेल की सत्यता की जांच कर रही है। साथ ही ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को रद्द करने या इसकी तारीख बदलने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है।


