वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आज और कल बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बर्फबारी और बारिश हुई है।
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भीड़ मनाली पहुंच रही है। बड़ी संख्या में टूरिस्टों के पहुंचने से चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। उधर, उत्तराखंड के 7 जिलों में आज बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।
दिल्ली-NCR में प्रदूषण से राहत नहीं
मौसम में बदलाव के बावजूद दिल्ली-NCR के लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिली है। यहां हवा की गुणवत्ता लगातार गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। शनिवार सुबह दिल्ली के ITO इलाके में AQI 414 दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक 324 रहा।
अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र, चक्रवात की आशंका
इसरो के INSAT-3DS सैटेलाइट ने अंडमान सागर के ऊपर बादलों की तेज गतिविधियों को रिकॉर्ड किया है। यहां कम दबाव का क्षेत्र बनने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे नए चक्रवात के विकसित होने की आशंका जताई जा रही है।
अगर यह सिस्टम चक्रवात में तब्दील होता है तो इसका नाम ‘अकवान’ रखा जाएगा। यह नाम ईरान की ओर से सुझाया गया है।
मध्य प्रदेश में भी बढ़ी ठंड, 20 शहरों का तापमान 15 डिग्री से नीचे
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। बीती रात भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले समय में रात के न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है। इससे प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।


