अमृतसर देहाती क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल (BSF) की ओर से दो अलग-अलग पोस्टों पर चलाए गए तलाशी अभियानों के दौरान भारी मात्रा में हेरोइन, जिंदा कारतूस और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया गया है। दोनों कार्रवाइयों में कुल 5 किलो 152 ग्राम हेरोइन, 100 जिंदा कारतूस, एक ड्रोन, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुए हैं। दोनों मामलों में थाना भिंडी सैदां में केस दर्ज किए गए हैं। फिलहाल किसी भी मामले में किसी आरोपी का नाम सामने नहीं आया है।
फतेहपुर पोस्ट के इलाके से 5 किलो 152 ग्राम हेरोइन बरामद
जानकारी के अनुसार, BSF की बीओपी फतेहपुर की टीम ने गांव अवाण लखा सिंह के इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान टीम को 5 किलो 152 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। तलाशी के दौरान एक वीवो मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी मिला।
इस बरामदगी के संबंध में थाना भिंडी सैदां में मुकदमा नंबर 181 दर्ज किया गया है। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शेरपुर पोस्ट के इलाके में ड्रोन और 100 कारतूस मिले
वहीं, दूसरे मामले में BSF की बीओपी शेरपुर की टीम ने अपने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एक ड्रोन, एल्यूमिनियम स्ट्रिप और 9 एमएम के 100 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इस मामले में थाना भिंडी सैदां में मुकदमा नंबर 182 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सामान पहुंचाने वालों की तलाश में जुटी पुलिस
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामान के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन, ड्रोन और कारतूस किसने यहां पहुंचाए और इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।


