हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों रविवार को पठानकोट और जालंधर के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार दोनों नेता सबसे पहले पठानकोट के माधोपुर स्थित एकता स्थल पहुंचकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद दोनों नेता सुजानपुर के आरएस गार्डन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। हालांकि, इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार भी गर्म है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कुछ प्रमुख नेता इस दौरान भाजपा का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कार्यक्रम के मुताबिक श्रद्धांजलि समारोह और जनसभा के बाद दोनों नेता दोपहर में जालंधर रवाना होंगे, जहां लाला चंचल दास ऑडिटोरियम में आयोजित एक अन्य जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोनों नेता चंडीगढ़ लौट जाएंगे।


