पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित पंजाब दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। विश्वसनीय रेलवे सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री 13 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करने पंजाब आ सकते हैं।
सूत्रों का यह भी दावा है कि प्रधानमंत्री का दौरा केवल रेलवे स्टेशन के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहेगा। जालंधर में एक बड़ी जनसभा आयोजित करने की भी तैयारियां चल रही हैं। माना जा रहा है कि इस रैली के जरिए भारतीय जनता पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत कर सकती है।
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और पंजाब पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
हालांकि, रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि शीर्ष अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद ही कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया है। इस परियोजना के तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं और नए स्वरूप से लैस किया गया है।


