पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला सही समय पर लिया जाएगा।
जालंधर में मीडिया से बातचीत के दौरान नितिन नबीन ने कहा कि फिलहाल भाजपा का पूरा ध्यान पंजाब में अपने संगठन को मजबूत करने पर है। पार्टी राज्य की हर विधानसभा सीट पर अपनी पकड़ बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि अभी भाजपा न तो गठबंधन के पक्ष में है और न ही इसके खिलाफ। आने वाले समय में राजनीतिक परिस्थितियों और जनता की प्रतिक्रिया के आधार पर फैसला लिया जाएगा।
नबीन ने कहा कि भाजपा इस समय अपने दम पर पंजाब में आगे बढ़ने की रणनीति पर काम कर रही है। अगले कुछ महीनों में पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करेगी और लोगों से जुड़े मुद्दों को उठाएगी।
उनके बयान के बाद पंजाब की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकार इसे इस संकेत के तौर पर देख रहे हैं कि भाजपा ने अकाली दल के साथ गठबंधन की संभावनाओं को पूरी तरह खत्म नहीं किया है।


