पंजाब में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। जालंधर, लुधियाना, पठानकोट समेत कई इलाकों में बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
जालंधर और पठानकोट में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर देखने को मिला, जबकि दूसरी ओर चंडीगढ़ में गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहा। शुक्रवार को शहर में तेज गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया।
मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में गुरुवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में करीब 0.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने अनुमान जताया है कि अगले कुछ घंटों में चंडीगढ़ और मोहाली में बादल छा सकते हैं। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम बदलने से तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
हालांकि मौसम विभाग ने 24 से 26 मई तक फिर से गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
भीषण गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष हीट स्ट्रोक और कूलिंग वार्ड शुरू किए हैं। जिला अस्पतालों, उप-मंडल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में AC, कूलर, ठंडी IV ड्रिप, बर्फ के पैक, ORS और जरूरी दवाओं की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिए हैं कि ये वार्ड 24 घंटे चालू रहें। साथ ही एंबुलेंसों में भी मरीजों को गर्मी से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।


