Friday, October 30, 2026
Friday, October 30, 2026

भारत ने चीन को 5-2 से हराया, जापान ने बांग्लादेश को 1-0 से मात दी, मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया

Date:

चंडीगढ़ /जालंधर, 29 अक्टूबर: ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में आज तीन रोमांचक और जोरदार मुकाबले हुए, जिनमें मेजबान भारत, जापान और मलेशिया ने जीत दर्ज की।

पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने भी भारत-चीन मुकाबला देखा और दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निरंतर प्रयासों के कारण ही पंजाब को प्रतिष्ठित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने का अवसर मिला है। पंजाब को देश में हॉकी का गढ़ बताते हुए श्री खुड्डियां ने कहा कि राज्य सरकार इस टूर्नामेंट की सफलता के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है।

भारत और चीन के बीच हुए बेहद रोमांचक और जोरदार मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन को 5-2 से हराया।

भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग फ्लिक का प्रदर्शन करते हुए 27वें और 31वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए। सुखजीत सिंह ने 12वें और 34वें मिनट में दो मैदानी गोल किए। जुगराज सिंह ने 47वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया।

चीन के लिए पेंग यांग ने 26वें मिनट में और चोंगकोंग चेन ने 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किए।

एक अन्य मैच में जापान की टीम ने कड़ी टक्कर दे रही बांग्लादेश की टीम को काफी संघर्ष के बाद 1-0 से मात दी। जापान की ओर से राइकी फुजीशिमा ने 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया।

इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से मात दी। मलेशिया के लिए अजीमुद्दीन कमरुद्दीन ने 10वें मिनट में मैदानी गोल करके खाता खोला। दक्षिण कोरिया ने खेल में वापसी करते हुए 31वें मिनट में सोंग हे-सोंग के मैदानी गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

इसके बाद मलेशिया की टीम ने शानदार हॉकी का प्रदर्शन करते हुए दो और गोल दागे। मोहम्मद अकीमुल्ला अनवर एसुक ने 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 50वें मिनट में फैजल बिन सारी ने मलेशिया के लिए एक और गोल करके स्कोर 3-1 कर दिया, जो अंत तक कायम रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related