मोगा–शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता जत्थेदार तोता सिंह के पुत्र बरजिंदर सिंह मक्खन बराड़ की अकाली दल (बादल) में वापसी की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, वह मंगलवार को गांव बादल स्थित आवास पर पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की उपस्थिति में औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इस खबर को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है।
मक्खन बराड़ ने मात्र तीन दिन पहले ही शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) की प्राथमिक सदस्यता और अपने सभी पदों से इस्तीफा दिया था। उनके इस कदम को पंजाब की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है, जिसका असर अकाली दल की आंतरिक स्थिति पर भी पड़ सकता है।
पार्टी छोड़ते समय लगाए थे गंभीर आरोप
पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन के चेयरमैन रह चुके मक्खन बराड़ ने पार्टी छोड़ते समय सोशल मीडिया के माध्यम से गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने अकाली दल (पुनर सुरजीत) के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह और विधायक मनप्रीत सिंह इयाली पर निशाना साधते हुए कहा था कि कुछ लोग एजेंसियों के प्रतिनिधि बनकर पंथ को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं।


