गाजियाबाद –गाजियाबाद में पंजाब एंड सिंध बैंक के मैनेजर अभिषेक शर्मा (34 साल) की सोमवार को गार्ड ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह बिहार में पटना के रहने वाले थे। गार्ड कई दिनों से मैनेजर अभिषेक से छुट्टी मांग रहा था।
गार्ड रवींद्र सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे मैनेजर के पास पहुंचा। जहां छुट्टी को लेकर अभिषेक शर्मा से उसका विवाद हो गया। इसी बीच रवींद्र ने बंदूक से उनकी छाती पर गोली मार दी। अभिषेक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए।
बैंक में फायरिंग से लोग दहशत में आ गए। इसी बीच आरोपी गार्ड अपने एक अन्य साथी के साथ मौके से भाग निकला। बैंक स्टाफ ने मैनेजर को बाइक से दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना से जुड़ा बैंक के गेट का एक CCTV सामने आया है, जिसमें गार्ड अपने साथी के साथ दिख रहा था। उसके भागने के कुछ मिनट बाद बैंक मैनेजर को लोग उठाकर ले जाते दिखे। वारदात लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर इलाके की है।


