जालंधर–जालंधर में थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने मेजर कॉलोनी में चाइना डोर बेचने के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कोठी में एक व्यक्ति अवैध रूप से चाइना डोर बेच रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चाइना डोर का एक बोरा बरामद किया, जिसमें कुल 25 गट्टू पाए गए। पुलिस ने सभी गट्टू अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। चाइना डोर के उपयोग पर प्रतिबंध है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी को यह चाइना डोर कहां से मिली।
चाइना डोर से बाइक सवार हुआ था घायल
गौरतलब है कि दो दिन पहले एक बाइक सवार युवक चाइना डोर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। युवक ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर चाइना डोर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसी के बाद जालंधर पुलिस की ओर से यह पहली रेड की गई, जिसमें 25 गट्टू चाइना डोर पकड़े गए हैं।


