Riyadh: सऊदी अरब के मक्का, जेद्दा और आसपास के इलाकों में मंगलवार को अचानक इतनी तेज बारिश हुई कि कुछ ही मिनटों में सड़कें झील जैसी बन गईं। आमतौर पर गर्म और रेगिस्तानी माने जाने वाले इन क्षेत्रों में ऐसा दृश्य बहुत कम देखने को मिलता है। मंगलवार सुबह से ही काले बादल छाए हुए थे। दोपहर तक भारी बारिश शुरू हुई और पानी सड़कों पर भरने लगा। निचले इलाकों में हालात सबसे खराब रहे। कई जगह ट्रैफिक रुक गया और गाड़ियाँ पानी में डूबती नजर आईं। कई इलाकों में बिजली भी गुल हो गई।
सऊदी मौसम विभाग NCM ने पहले ही चेतावनी दी थी कि मक्का, जेद्दा, रबिघ, खुलाईस और आसपास के शहरों में बहुत तेज बारिश, ओले, तेज हवाएं और अचानक बाढ़ आने का खतरा है। अलर्ट के मुताबिक रात 1 बजे से दोपहर 1 बजे तक बारिश सबसे ज्यादा होने वाली थी और वैसा ही हुआ। कई लोगों को 2009 और 2011 की वही बादल फटने वाली भयंकर बाढ़ याद आ गई, जिसने बड़ी तबाही मचाई थी। इस बार भी बारिश ने हालात काफी बिगाड़ दिए।


