भिवानी—राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा हरियाणा की 4 मेडलिस्ट बॉक्सरों को आज (बुधवार को) सम्मानित किया। जिसमें भिवानी की बॉक्सर जैस्मिन लंबोरिया, पूजा रानी बोहरा, नूपुर श्योराण और रोहतक की बॉक्सर मीनाक्षी हुड्डा शामिल रही। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बॉक्सरों के पंच के साथ फोटो करवाया। वहीं सभी बॉक्सरों को सम्मानित किया।
इन चारों बॉक्सरों ने इंग्लैंड में 4 से 14 सितंबर तक आयोजित हुई वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2025 में भारत को मेडल दिलाने का काम किया था। इन बॉक्सरों को सम्मानित करने के लिए दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आमंत्रित किया गया था। यह वर्ल्ड बॉक्सिंग नए अंतर्राष्ट्रीय मुक्केबाजी महासंघ की पहली चैंपियनशिप थी। दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बॉक्सरों से मुलाकात करके बातचीत की और उन्हें सम्मानित किया।
बॉक्सर जैस्मिन लंबोरिया के कोच एवं उनके चाचा संदीप लंबोरिया ने बताया कि जैस्मिन को सम्मानित होने के लिए राष्ट्रपति भवन में बुलाया गया है। बॉक्सर जैस्मिन लंबोरिया ने कई अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पदक जीते हैं। 57 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने वाली जैस्मिन ने पेरिस 2024 ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। 2022 राष्ट्रमंडल खेल में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 2021 एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य हासिल किया। 2025 के वर्ल्ड बॉक्सिंग कप में गोल्ड मेडल जीता था।


