जगराओं, लुधियाना—लुधियाना के जगराओं में कबड्डी खिलाड़ी तेजपाल की हत्या के बाद पुलिस और परिवार के बीच लगातार तनातनी चल रही थी। परिवार ने पुलिस को साफ कह दिया था कि वो हत्यारों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। हत्या के पांचवें दिन आखिर परिवार तेजपाल का पोस्टामार्टम करवाने को तैयार हुआ।
पुलिस ने परिवार को भरोसा दिलाया कि तीसरे आरोपी काला को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तेजपाल के मौसेरे भाई अनमोल ने बताया कि कुछ प्रतिष्ठित लोगों की अगवाई में एसएसपी अंकुर गुप्ता व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
पुलिस ने उनके साथ वादा किया हे इसलिए वो पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार हुए। अब सिविल अस्पताल जगराओं में तेजपाल का पोस्टमार्टम हो रहा है। पोस्टमार्टम के लिए तीन डॉक्टरों का बोर्ड बनाया गया है।
डीएसपी जसविंदर सिंह ढीढसा ने बताया कि परिवार के साथ मीटिंग हुई। परिवार को विश्वास दिलाया गया है। उन्होंने बताया कि एसएसपी साहब ने टीमें बनाई हैं। पुलिस की इन्वेस्टिगेशन बिल्कुल सही दिशा में चल रही है। इसीलिए दो आरोपी और असला बरामद हुआ है। तीसरे आरोपी को भी जल्दी गिरफ्तार कर लेंगे। परिवार ने पुलिस पर विश्वास करते हुए पोस्टमार्टम करवाने में हामी भरी। अभी पोस्टमार्टम चल रहा है।


