जालंधर—पंजाब के जालंधर देहात में पुलिस नाके पर थार सवार युवकों ने फायरिंग की। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा पिस्टल दिखाकर एक स्विफ्ट कार लूटकर फरार हो गया। यह घटना बीती रात थाना करतारपुर के गांव धीरपुर के पास हुई। नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने काले रंग की थार को रोकने का प्रयास किया।थार सवार युवकों ने रुकने के बजाय पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं और धीरपुर गांव की ओर भाग निकले।
पुलिस पार्टी ने उनका पीछा किया तो थार खेतों में गिरकर फंस गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी कर्मजीत सिंह निवासी धीरपुर, थाना करतारपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। हालांकि, दूसरा आरोपी सुखवंत सिंह उर्फ सूखा निवासी धीरपुर मौके से फरार हो गया।
उसने गांव जयपुर की तरफ से आ रहे प्रभजिंदर सिंह नामक युवक को पिस्टल दिखाकर उसकी स्विफ्ट कार लूट ली और गांव दयालपुर की ओर भाग निकला। थाना करतारपुर के एसएचओ रमनदीप ने बताया कि फरार आरोपी सुखवंत सिंह को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी कर्मजीत को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। एसएचओ ने यह भी बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।


