चंडीगढ़—पंजाब के पूर्व DIG हरचरण सिंह भुल्लर को CBI ने रिमांड पर ले लिया है। भुल्लर 14 दिन तक बुड़ैल जेल में न्यायिक हिरासत में रहे थे। शुक्रवार 31 अक्टूबर को जब उन्हें CBI कोर्ट में पेश किया गया, तब एजेंसी ने रिमांड नहीं मांगी और उन्हें दोबारा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
लेकिन कुछ घंटे बाद ही CBI ने अदालत में रिमांड की एप्लिकेशन लगाई और शनिवार 1 नवंबर को भुल्लर को हिरासत में ले लिया। रिमांड पर लेने के बाद शनिवार शाम CBI ने भुल्लर और बिचौलिए कृष्णु शारदा को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान कृष्णु ने कई अहम जानकारियां दीं। उसने बताया कि मंडी गोबिंदगढ़ के व्यापारियों से वसूली का नेटवर्क वही चलाता था। वह गलत काम करने वालों की जानकारी भुल्लर को देता था, फिर भुल्लर उन्हें बुलाकर धमकाता और पैसे वसूलता था। बदले में कृष्णु को कमीशन मिलता था।
CBI को कृष्णु के मोबाइल से कई सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर एजेंसी अब DIG भुल्लर के मोबाइल, व्हाट्सएप कॉल और चैट की जांच कर रही है। एजेंसी को भुल्लर की करोड़ों की बेनामी संपत्तियों के सुराग भी मिले हैं। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि रिश्वतखोरी का यह नेटवर्क कितनी दूर तक फैला था और इसमें और कौन-कौन शामिल था।


