मोहाली–पंजाब के मोहाली के महेंद्र चौधरी जूलॉजिकल पार्क ( छतबीड़ जू) में पर्यटकों को घुमाने के लिए यूज होने वाली इलेक्ट्रॉनिक गाड़ियों में मंगलवार की सुबह अचानक आग लग गई है। इतना चिड़ियाघर के कर्मचारी कुछ समझ पाते, आग ने धमाके के साथ भयंकर रूप धारण कर लिया और वहां खड़ी अधिकांश गाड़ियों को अपने चपेट में ले लिया।
पार्क के कर्मचारी ने कुछ वाहनों को वहां से हटाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग और भड़क गई। इसकी सूचना तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौक पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक 20 गाड़ियां आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई। आग उस समय लगी, जब यह चार्जिंग स्टेशन पर खड़ी थी। फिलहाल, आग लगने के कारणों को पता नहीं चला है। उधर, पार्क अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है ओवर चार्ज होने के बाद बैटरी में हुआ ब्लास्ट हुआ था। इस मामले की जांच करवाई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक यह घटना सुबह नौ बजे के करीब की है। सूत्रों के मुताबिक उस समय सभी गाड़ियां चार्जिंग स्टेशन पर खड़ी थी। उनमें चार्जिंग की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान गाड़ियों से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते उनमें आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगी और वहां खड़ी सभी गाड़ियों को अपनी चपेट में लिया।


