लुधियाना—पंजाब में नशे ने युवाओं के साथ साथ युवतियों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया है। दो दिन पहले मानसा में पहलवानी करने वाली मां ने नशे के लिए अपना बच्चा तक बेच दिया वहीं अब लुधियाना में एक मां अपनी नशेड़ी बेटी को लेकर एमएलए दफ्तर पहुंच गई।
मां ने एमएलए से गुहार लगाई कि मेरी बेटी का नशा छुड़वा दो और उसकी जिंदगी संवार दो। यही नहीं मां ने एमएलए से गुहार लगाई है कि जो लोग नशा बेचते हैं या लड़कियों को इस तरह नशे के गर्त में धकेलते हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
लुधियाना के आत्मनगर हलके के एमएलए कुलवंत सिद्धू ने महिला को आश्वासन दिया कि इस लड़की काे नशा छुड़ाओ केंद्र में भेजकर नशा छुड़वा देंगे और नशा का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नशे के गर्त में फंसी महिला की मां बोली कि वह काफी समय से परिवार के पालन पोषण के लिए प्रोग्रामों में गिद्दा भंगड़ा टीम के साथ काम करती थी। वहां किसी ने इसे नशे की तरफ लगा दिया और वह धीरे धीरे नशे की आदी हो गई। अब यह बिना नशे के नहीं रह सकती।
महिला की मां ने एमएलए से गुहार लगाई है कि इसे बचा लो, इसके छोटे छोटे दो बच्चे हैं। अगर यह इसी तरह नशा करती रही तो इसके बच्चों की जिंदगी भी खराब हो जाएगी। मां ने कहा कि पहले उन्हें पता ही नहीं चला कि यह नशा करती है। जब इसकी हालत ज्यादा बिगड़ने लगी तो पता चला।


