मोहाली : “मेरा भोला है भंडारी, करता नंदी की सवारी” जैसे सुपरहिट भजन से देशभर में मशहूर सिंगर हंसराज रघुवंशी को गैंगस्टर के नाम पर जान से मारने की धमकी मिली है। आरोपी ने सिंगर से 15 लाख रुपए की फिरौती भी मांगी है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़ा बताने वाला शख्स अब पुलिस की रडार पर है।
हंसराज रघुवंशी के पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड विजय कटारिया ने मोहाली के जीरकपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी राहुल कुमार नागड़े, जो मध्य प्रदेश के उज्जैन का रहने वाला है, पिछले कुछ सालों से सिंगर और उनके परिवार से नजदीकी बढ़ा रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ BNS की धारा 296, 351(2), 308(5) और IT एक्ट की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया है।
करीब तीन साल पहले उज्जैन के महाकाल मंदिर में हुए कार्यक्रम में राहुल की पहली मुलाकात हंसराज से हुई थी। इसके बाद वह खुद को गायक का बड़ा फैन बताकर उनके करीब आने लगा। वह कई प्रोग्रामों में गया और हंसराज की शादी में भी शामिल हुआ। शादी के दौरान उसने परिवार की तस्वीरें खींचीं और टीम के कई सदस्यों के मोबाइल नंबर हासिल कर लिए। समय के साथ आरोपी ने लोगों को यह कहकर ठगना शुरू कर दिया कि वह हंसराज रघुवंशी का छोटा भाई है। वह फैंस से महंगे गिफ्ट और पैसे मांगने लगा। यहां तक कि ओडिशा की एक महिला को भी बहकाकर अपने साथ ले गया।


