पंजाब में आज यानी 16 नवंबर से जनगणना का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। इस चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य की व्यक्तिगत जानकारी जुटाई और अपडेट की जाएगी। इसके लिए लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें जाति, शादी और परिवार से जुड़ी जानकारियों के अलावा घर बदलने का कारण भी पूछा जाएगा।
इस चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर तक लोग घर बैठे ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों द्वारा भरी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया को स्वगणना (Self Enumeration) नाम दिया गया है।
घर बैठे ऐसे भरें जनगणना का ऑनलाइन फॉर्म
जनगणना के दूसरे चरण में ऑनलाइन जानकारी भरने के लिए लोगों को निम्नलिखित प्रक्रिया अपनानी होगी:
1. आधिकारिक पोर्टल खोलें: सबसे पहले https://se.census.gov.in वेबसाइट पर जाएं। यहां 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
2. राज्य का चयन करें: वेबसाइट पर State/UT के ड्रॉपडाउन में Punjab चुनें और स्क्रीन पर दिखाई देने वाला CAPTCHA भरें।
3. रजिस्ट्रेशन करें: परिवार के मुखिया का नाम और सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करें। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त OTP के जरिए सत्यापन करें। एक परिवार के लिए केवल एक मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया जा सकेगा। फॉर्म सबमिट होने के बाद परिवार के मुखिया का नाम नहीं बदला जा सकेगा।
4. घर का पता और लोकेशन भरें: जिला, शहर या गांव, मोहल्ला, नजदीकी लैंडमार्क और पिन कोड दर्ज करें। इसके बाद डिजिटल मैप पर अपने मकान की सही लोकेशन मार्क करें। इस प्रक्रिया के लिए लैपटॉप या कंप्यूटर का इस्तेमाल अधिक सुविधाजनक रहेगा।
5. परिवार के सदस्यों की जानकारी दें: परिवार में शामिल सभी सदस्यों की जानकारी सावधानीपूर्वक भरें। ऑनलाइन फॉर्म में दी गई सभी जानकारियां सही और पूरी होनी चाहिए।
6. फॉर्म की जांच कर सबमिट करें: फॉर्म में भरी गई सभी जानकारियों को एक बार दोबारा जांच लें। इसके बाद फॉर्म सबमिट करें।
7. SE ID सुरक्षित रखें: फॉर्म जमा होने के बाद मिलने वाली Self Enumeration ID को संभालकर रखें। 1 दिसंबर से घर आने वाले सरकारी गणनाकर्मी को यह ID दिखानी होगी।
1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे सरकारी कर्मचारी
ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर से सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान लोगों को अपनी Self Enumeration ID उपलब्ध करानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का मिलान किया जा सके।
इसलिए पंजाब के लोगों के लिए जरूरी है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी सही तरीके से दर्ज करें और फॉर्म जमा होने के बाद प्राप्त SE ID सुरक्षित रखें।


