फतेहाबाद—रूस-यूक्रेन युद्ध में हरियाणा के 6 युवक फंसे हुए हैं। इनमें फतेहाबाद के 2, कैथल, हिसार, रोहतक और जींद का एक-एक युवक शामिल है। महीनों से इन युवकों का परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है। सभी युवक स्टडी वीजा या कमाने के लिए रूस गए थे। इनके परिवार का आरोप है कि एजेंटों और वहां के लोकल लोगों ने धोखे से इन्हें सेना में भर्ती करा यूक्रेन से युद्ध करने के लिए भेज दिया।
इन युवकों के परिवार के सदस्य आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में हरियाणा के अलावा राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र और हैदराबाद के परिवार भी शामिल होंगे। यह प्रदर्शन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
जींद और कैथल के लापता युवक कौन हैं, अभी इनका पता नहीं लग पाया है। हिसार के मदनहेड़ी गांव के सोनू (28) और कैथल के कर्मचंद (22) की वहां मौत हो चुकी है। सोनू की मौत यूक्रेन में ड्रोन हमले के कारण हुई।
रोहतक के जयभगवान के नेतृत्व में होगा प्रदर्शन
रोहतक के मदीना गिंधरान गांव के सामाजिक कार्यकर्ता जयभगवान डांगी ने इन परिवारों की मदद करने का फैसला किया है। उन्होंने यूक्रेन में फंसे युवकों के परिवारों को मिलाकर एक वॉट्सऐप ग्रुप बनाया है। इस ग्रुप में हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के 27 परिवारों को जोड़ा गया है।
विदेश राज्यमंत्री से भी मिलेंगे
जयभगवान ने बताया कि हरियाणा के 6, राजस्थान के 4 और पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर के भी कुछ युवक यूक्रेन में फंसे हुए हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति ली है। प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर आवाज उठाई जाएगी, ताकि केंद्र सरकार और गंभीरता से प्रयास करे। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन के ऑफिस भी जाएंगे। उनसे मिलकर उन्हें पूरी स्थिति बताई जाएगी।


