महाराष्ट्र और कर्नाटक में हुए दो अलग-अलग दर्दनाक हादसों में कुल 19 लोगों की जान चली गई। महाराष्ट्र के रायगड जिले में पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर अंबेनली घाट क्षेत्र में एक SUV अनियंत्रित होकर करीब 800 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक सभी लोग डापोली के हार्ने इलाके से सतारा की ओर जा रहे थे। जब काफी समय तक वे अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान मोबाइल फोन की आखिरी लोकेशन पोलादपुर के पास मिली, जिसके बाद घाट क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
सोमवार सुबह गहरी खाई में क्षतिग्रस्त SUV बरामद हुई। इसके बाद स्थानीय रेस्क्यू टीम और पुलिस ने राहत अभियान शुरू किया। कई शवों को खाई से बाहर निकाला गया, जबकि अन्य की तलाश जारी रही।
उधर, कर्नाटक के भटकल इलाके में टट्टीहक्कल नदी में सीप इकट्ठा करने गए एक ही परिवार के 11 लोगों की डूबने से मौत हो गई। परिवार के कुल 14 सदस्य नदी में उतरे थे, जिनमें से 3 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
NDRF के अनुसार हादसे की सूचना रविवार शाम को मिली थी। इसके बाद देर रात तक बचाव अभियान जारी रहा। सोमवार को अधिकतर शव नदी से बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।


