मलोट : गांव बादल स्थित ‘स्टेट इंस्टीच्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरा मैडीकल साइंसेज’ में बीती रात 20 वर्षीय एक छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान के प्रबंधकों ने लंबी पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
संस्थान की प्रिं. प्रभजोत कौर के अनुसार, उन्हें मंगलवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि हॉस्टल नंबर 2 में जी.एन.एम. द्वितीय वर्ष की छात्रा तन्नू, जो कि रोपड़ जिले की रहने वाली थी, ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया है। उन्होंने बताया कि तन्नू पढ़ाई में काफी अच्छी और मिलनसार स्वभाव की थी।
वह शाम को अन्य छात्राओं के साथ ड्यूटी से वापस लौटी थी और जिस समय उसने यह कदम उठाया, वह कमरे में अकेली थी। बताया जा रहा है कि वह अक्सर अपनी दादी के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित रहती थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद घबराहट के कारण हॉस्टल की छह अन्य छात्राओं की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें तुरंत संस्थान की एम्बुलैंस से नागरिक अस्पताल बादल पहुंचाया गया।


