लुधियाना: नियति का खेल भी कितना अजीब और क्रूर होता है, इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला मंजर हिमाचल की पहाड़ियों में देखने को मिला। माता चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेककर नई कार में सवार होकर लुधियाना लौट रहे दो दोस्तों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
पेशे से टैक्सी ड्राइवर था पिंकू
हादसा इतना खौफनाक था कि कार खाई में गिरते ही आग का गोला बन गई और दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस हादसे में लुधियाना के गोपाल नगर, टिब्बा रोड निवासी पिंकू और उसके एक अन्य साथी की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई। मौत से महज एक घंटा पहले पिंकू ने सोशल मीडिया पर जो रील डाली थी, उसे देखकर आज हर किसी की आंखें नम हैं और लोग इसे कुदरत का खौफनाक इशारा मान रहे हैं।
हादसे की खबर मिलते ही टिब्बा रोड इलाके में सन्नाटा पसर गया और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिंकू पेशे से टैक्सी ड्राइवर था और जिम जाने का बेहद शौकीन था। उसने बड़े अरमानों के साथ नई स्विफ्ट कार खरीदी थी और बुधवार सुबह अपने दोस्त के साथ हिमाचल के लिए रवाना हुआ था। परिजनों ने बताया कि वह अपनी गाड़ी को लेकर बहुत उत्साहित था, लेकिन किसे पता था कि यही गाड़ी उसके लिए काल बन जाएगी।


