Thursday, May 28, 2026
Thursday, May 28, 2026

15 राज्यों में गर्मी से राहत के आसार, 29 मई से प्री-मानसून बारिश का दौर शुरू

Date:

देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब राहत की उम्मीद नजर आने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से देश के 15 से ज्यादा राज्यों में मौसम बदल सकता है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। बिहार के 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान में जयपुर समेत 11 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जैसलमेर, फलोदी, श्रीगंगानगर और बीकानेर में गर्मी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। बुधवार को श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

महाराष्ट्र के नागपुर में हीटवेव का असर बेहद गंभीर दिखाई दे रहा है। पिछले तीन दिनों में रेलवे स्टेशन, सड़कों और फ्लाईओवर के नीचे समेत सार्वजनिक स्थानों से 16 लोगों के शव मिले हैं। प्रशासन को आशंका है कि अत्यधिक गर्मी और लू की वजह से इन लोगों की मौत हुई हो सकती है। नागपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

नौतपा के दौरान गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है। देश के कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते हीटस्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है। डॉक्टरों के अनुसार लू लगने पर शरीर का कूलिंग सिस्टम प्रभावित हो जाता है और समय पर इलाज न मिलने पर स्थिति जानलेवा बन सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 29 मई से 5 जून के बीच देश के 80 से 90 प्रतिशत हिस्सों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है। यह बारिश इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि मानसून अब तक केरल नहीं पहुंच पाया है। मौसम विभाग ने 26 मई तक मानसून केरल पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन नमी कमजोर पड़ने और दक्षिण-मध्य अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण मानसून की रफ्तार धीमी हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related