अमृतसर–पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के मंत्री लालजीत भुल्लर पर आरोप लगा सुसाइड करने वाले वेयरहाउस के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (DM) गगनदीप सिंह रंधावा (45) का तीसरे दिन भी पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ। उनकी लाश अमृतसर के अस्पताल में रखी गई है। सोमवार को पहली बार उनके सुसाइड करते हुए का CCTV फुटेज सामने आया। करीब 3 मिनट के इस फुटेज में रंधावा 21 मार्च की सुबह पौने 6 बजे घर के आंगन में टहलते दिख रहे हैं।
इस दौरान वह कुछ सोचते हुए नजर आते हैं। फिर टहलते हुए अचानक रुकते हैं और सल्फास की गोलियां मुंह में डालकर पानी पी लेते हैं। इसके बाद ही उन्होंने दूसरा वीडियो मोबाइल से बनाया था। जिसमें कहा था कि दोस्तों, मैंने सल्फास खा ली, मिनिस्टर लालजीत भुल्लर से तंग आकर, अब मैं नहीं बचूंगा।
इस मामले में अब रंधावा के परिवार ने खुलकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर ने कहा कि जब तक लालजीत भुल्लर और उनके पिता सुखदेव भुल्लर की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वह पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पत्नी ने अमृतसर में घर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि मंत्री भुल्लर को गिरफ्तार करो वर्ना वह 2 बेटियों व एक बेटे को लेकर सड़क पर बैठ जाएंगी।


