अमृतसर के वल्ला क्षेत्र की सब्जी मंडी में एक प्रवासी द्वारा पंजाबी युवक के साथ खुलेआम मारपीट की गई। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित युवक को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। घटना के बाद वल्ला थाना के बाहर कई सामाजिक व सिख जत्थेबंदियों ने विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस व प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाए।
इस मामले में विरोध कर रहे योगा सिंह वडाला ने बताया कि जिस पंजाबी युवक के साथ मारपीट की गई, उसका आरोपी प्रवासी व्यक्ति के साथ पहले से पैसे के लेन-देन का विवाद चल रहा है, जो अदालत में विचाराधीन है। इसके बावजूद मंडी में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस युवक को घेर लिया और उसकी पिटाई कर दी।
वही बाबा सनी नाथ का आरोप है कि एक ओर पंजाब में अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने की मांग उठ रही है, वहीं दूसरी ओर प्रवासी मजदूर अब खुलेआम स्थानीय पंजाबी लोगों को पीट रहे हैं और पुलिस उनके पक्ष में खड़ी नजर आ रही है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


