सोनीपत–हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सोनीपत शहर में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रंगेहाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। जमीन से जुड़े कामों में आम लोगों को परेशान करने और “खर्च-पानी” के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।
इसी कड़ी में इंतकाल के काम के बदले पांच हजार रुपए की मांग करने वाले पटवारी को एसीबी टीम ने ट्रैप लगाकर धर दबोचा। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक महकमे में भी चर्चा तेज हो गई है।
इंतकाल के नाम पर मांगे ₹5 हजार
जानकारी के अनुसार कबीरपुर क्षेत्र में दो प्लॉट के इंतकाल को लेकर शिकायतकर्ता काफी समय से राजस्व विभाग के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि संबंधित पटवारी अजय राणा ने काम करने के एवज में “खर्च-पानी” के नाम पर ₹5 हजार की मांग की। बिना रिश्वत दिए काम न करने की बात कही गई, जिससे परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एसीबी से संपर्क किया।


