लुधियाना- पंजाब के लुधियाना में कार डिवाइडर से टकरा गई। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि किसी का सिर फट गया तो किसी की गर्दन धड़ से अलग हो गई। देर रात 1 बजे 2 एम्बुलेंस में शवों को सिविल अस्पताल लाया गया।
मृतकों में 2 नाबालिग लड़कियां और 3 युवक थे। मृतकों की पहचान सिमरन उर्फ सिम्मू निवासी अजीत नगर, सतपाल सिंह सूखा व वीरू निवासी कोठे खंजूरा (जगराओं) के रूप में हुई है। लड़कियों में एक मोगा और एक तलवंडी साबो (बठिंडा) की बताई जा रही है। तीनों युवक घर से शॉपिंग करने की बात कहकर निकले थे।
डिवाइडर से टकराकर गाड़ी पलटी
जानकारी के मुताबिक वरना कार नंबर PB10DH-4619 साउथ सिटी की तरफ से लाडोवाल जा रही थी। ओवर स्पीड के कारण कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराकर सड़क के बीच पलट गई और काफी दूर तक घसीटते चली गई। हादसे में पांचों शवों क्षत-विक्षत हो गए। किसी का हाथ शरीर से अलग हो गया तो किसी का पैर कट गया।
सूचना मिलते ही थाना लाडोवाल से ASI कश्मीर सिंह मौके पर पहुंचे और तुरंत एनएचएआई की एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई और शवों को कार से बाहर निकालकर एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल ले जाया गया। हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
वहीं, हादसे में जिन 2 लड़कियों की मौत हुई है अभी उनके बारे में पुलिस को सही जानकारी नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि लड़कों के परिजनों को भी लड़कियों के बारे में पता नहीं है।


