नेशनल : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा होते ही प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। चुनाव आयोग के निर्देश पर राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारियों का व्यापक स्तर पर तबादला कर दिया गया। इस कार्रवाई में मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर समेत 50 से अधिक वरिष्ठ आईएएस और आईपीएस अधिकारी प्रभावित हुए हैं।
इन तबादलों को लेकर राज्य सरकार और खासकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस कदम को असामान्य बताते हुए कहा कि चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले इतने बड़े पैमाने पर ट्रांसफर पहले कभी नहीं हुए।
ममता बनर्जी का चुनाव आयोग पर सीधा हमला
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया और आधिकारिक पत्र के माध्यम से चुनाव आयोग के फैसले पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे प्रशासन में अनावश्यक हस्तक्षेप करार देते हुए कहा कि इससे राज्य की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ममता ने आरोप लगाया कि कुछ महत्वपूर्ण विभागों जैसे इंटेलिजेंस, एसटीएफ और सीआईडी से जुड़े अधिकारियों को चुन-चुनकर हटाया गया है, जो कई सवाल खड़े करता है।


