जालंधर : जालंधर के मेहतपुर इलाके में जमहरी किसान सभा के नेता सरपंच महिंदर सिंह पर ड्रग तस्करों ने हमला कर दिया। सरपंच को घायल हालत में जालंधर के अरमान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
गांव वालों और किसान नेताओं ने बताया कि सरपंच महिंदर सिंह लगातार पुलिस प्रशासन को इलाके में ड्रग्स की बिक्री और ड्रग्स की तस्करी की जानकारी दे रहे थे। उनका आरोप है कि जानकारी के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे तस्करों के हौसले और बढ़ गए।
लोगों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने तस्करों को सरपंच का नाम बता दिया, जिससे उनकी दुश्मनी और बढ़ गई। सुबह जब सरपंच अपनी पत्नी के साथ खेतों में जा रहे थे, तो हमलावरों ने उन पर रॉड और हथियारों से हमला कर दिया। हमले में सरपंच के सिर में गंभीर चोटें आईं और पैर टूट गए। वह अभी गंभीर हालत में हैं और जालंधर के एक हॉस्पिटल में भर्ती हैं।


