Wednesday, September 23, 2026
Wednesday, September 23, 2026

देश के कई राज्यों में भयंकर बारिश, मुंबई के कई हिस्से जलमग्न, 11 राज्यों के लिए अलर्ट जारी

Date:

देश के कई राज्यों के अन्दर लगातार बारिश का कहर जारी है। मौसम विभाग ने आज भी एक दर्जन के करीब राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुंबई में रविवार देर रात 1 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक सात घंटों में करीब 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण मुंबई के कई इलाके पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं।

मुंबई रेलवे के मुताबिक ट्रैक पर पानी भरने के कारण मुंबई डिवीजन की 5 ट्रेनें कैंसिल कर दी गई। वहीं कुछ लोकल ट्रेनें भी कई घंटों की देरी से चल रही हैं। मुंबई में बीएमसी ने सरकारी और प्राइवेट स्कूल-कॉलेजों में आज के लिए छुट्टी घोषित कर दी है।

उधर, उत्तराखंड में पिछले 4 दिनों से जारी तेज बारिश के चलते केदारनाथ, बद्रीनाथ हाईवे समेत 115 से ज्यादा सड़कें बंद हो गईं। कई रास्ते लैंडस्लाइड की वजह से तो कुछ बह जाने के कारण बंद हो गए। इसके बाद चार धाम यात्रा रोक दी गई। इससे जगह-जगह 6 हजार श्रद्धालु फंसे हैं। गंगा, अलकनंदा, भागीरथी समेत कई नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं।

मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार एक जून से अब तक उत्तराखंड में 276.8 मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि सामान्य कोटा 259 मिमी है। पूरे मानसून के सीजन में उत्तराखंड में 1162.2 मिमी औसत बारिश को सामान्य मानसून माना जाता है।

हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण 76 सड़कें बंद हो गई हैं। 69 वाटर सप्लाई स्कीम और 34 इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई स्कीम भी बाधित हुई हैं। पश्चिम बंगाल के हिमालय की तराई वाले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं।  गोवा के सत्तारी तालुका में पाली झरने पर 80 लोग फंस गए थे, जिन्हें रविवार रेस्क्यू किया गया। वहीं, राज्य में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी के चलते राज्य शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी स्कूलों में सोमवार की छुट्‌टी का ऐलान किया है।
असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। रविवार को बाढ़ में आठ और लोगों की जान चली गई। इससे इस साल की बाढ़, लैंडस्लाइड और तूफान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है। उत्तराखंड में चार दिन से जारी बारिश के चलते गंगा, अलकनंदा, भागीरथी, सारदा, मंदाकिनी और कोसी नदी खतरे के निशान पर बह रही हैं। ऋषिकेश में गंगा नदी का स्तर 339.15 मीटर है, जो खतरे के निशान के बेहद करीब है। इसलिए हरिद्वार प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। उधर, लगातार बारिश के चलते बद्रीनाथ, गोविंदघाट से लेकर जोशीमठ तक बिजली ठप हो गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related