पंजाब में अमृतसर के सिविल अस्पातल में आज सुबह करीब साढ़े 7 बजे अचानक आग लग गई। आग ब्लड बैंक में रखे फ्रिज में भड़की। ब्लड बैंक के पास ही बच्चों का वार्ड होने के कारण अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही स्टाफ मौके पर पहुंचा और शीशे तोड़े। ताकि अस्पताल के अंदर धुआं न भर जाए। इसके बाद सभी बच्चों को दूसरी जगह शिफ्ट किया। वार्ड में करीब 15 बच्चे थे। स्टाफ ने फायर कंट्रोल करने वाले सिलेंडर से आग पर काबू पाया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉक्टर धवन आग बुझाने वाले कर्मचारी मनजिंदर के गले मिले।
ब्लड बैंक में फ्रिज में भड़की आग: डॉक्टर धवन ने बताया कि आग एक फ्रिज में लगी, जो ब्लड बैंक के अंदर पड़ा था। अनुमान यही है कि वे सेल्फ हीट हो गया और उसने आग पकड़ ली। इस आग से आसपास रखे फ्रिजों को भी हल्का नुकसान पहुंचा। स्टाफ ने जब ये देखा तो सभी को इसकी जानकारी दी।
स्टाफ ने शीशे तोड़े, बच्चों को बाहर निकाला: उन्होंने कहा बताया कि सुरक्षा गार्ड ने ब्लड बैंक के शीशे तोड़े, ताकि अंदर गैस इकट्ठी ना हो सके। इसके बाद पूरा स्टाफ वहां पहुंचा और फायर सिलेंडर से आग को काबू कर लिया। ब्लड बैंक के पास ही बच्चा वार्ड थी।। स्टाफ ने उसे तुरंत खाली करवाया और बच्चों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाया।


