पंजाब के होशियारपुर में कांग्रेस नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 8 बजे केंद्रीय एजेंसी की टीम जोधा मल रोड स्थित अरोड़ा के घर पहुंची। टीम के साथ CRPF के जवान भी मौजूद थे।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर आवास के आसपास बड़ी संख्या में जवान तैनात किए गए और पूरे घर को घेर लिया गया। फिलहाल ED की इस कार्रवाई के पीछे की वजह और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 27 जनवरी को भी ED ने आयकर विभाग के अधिकारियों के साथ सुंदर शाम अरोड़ा के आवास पर छापेमारी की थी। उस दौरान टीम ने घर में दस्तावेजों की जांच की थी, लेकिन कार्रवाई के बाद अधिकारियों की ओर से बरामदगी या जांच के नतीजों को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की गई थी।
मोहाली में इंडस्ट्रियल प्लॉट ट्रांसफर से जुड़ा मामला
सुंदर शाम अरोड़ा का नाम मोहाली में पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉरपोरेशन (PSIEC) के एक औद्योगिक प्लॉट के ट्रांसफर से जुड़े मामले में भी सामने आया था। आरोप था कि औद्योगिक जमीन के 12 प्लॉट को विभाजित कर 125 प्लॉट में बदलने की मंजूरी दी गई थी।
इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने जनवरी 2023 में सुंदर शाम अरोड़ा, एक IAS अधिकारी और अन्य अधिकारियों सहित कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। हालांकि, दिसंबर 2024 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले की FIR रद्द कर दी थी।
50 लाख रुपये रिश्वत देने के आरोप में भी हुई थी गिरफ्तारी
अक्टूबर 2022 में पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सुंदर शाम अरोड़ा को रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप था कि उन्होंने अपने खिलाफ चल रही जांच में राहत दिलाने के लिए विजिलेंस के AIG मनमोहन कुमार को एक करोड़ रुपये देने की पेशकश की थी।
बताया गया था कि पहली किस्त के तौर पर 50 लाख रुपये देते समय उन्हें गिरफ्तार किया गया था। बाद में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी।
फिलहाल सोमवार को हुई ED की ताजा कार्रवाई को लेकर एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।


