लुधियाना : लुधियाना से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच एक पंजाबी युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान लुधियाना निवासी 21 वर्षीय समरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बेहतर भविष्य की तलाश में वह जुलाई महीने में रूस गया था, लेकिन वहां हालात उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गए।
परिजनों के अनुसार, रूस पहुंचने के कुछ समय बाद समरजीत को कथित तौर पर धोखे से रूसी सेना में शामिल कर लिया गया। शुरुआत में उसे बताया गया कि वह आर्मी डॉक्टर के साथ ड्यूटी करेगा, इसलिए यूनिफॉर्म पहनना जरूरी है, लेकिन बाद में उसे एहसास हुआ कि उसे जबरन सेना में भर्ती कर लिया गया है।
परिवार से उसकी आखिरी बातचीत 8 सितंबर को एक छोटी-सी वीडियो कॉल के जरिए हुई थी। महज कुछ सेकंड की उस कॉल में समरजीत ने पिता से कहा था कि वह ठीक है और माता-पिता का ख्याल रखने को कहा। इसके बाद उससे संपर्क पूरी तरह टूट गया।


