अमृतसर जिले के लोपोके थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 किलो 29 ग्राम हेरोइन के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई चल रहे एंटी-ड्रग अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरप्रीत सिंह निवासी गांव नूरपुर, तहसील लोपोके, जिला अमृतसर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना में बताया गया था कि आरोपी पाकिस्तान स्थित नशा तस्करों के संपर्क में है और अटारी सीमा क्षेत्र के जरिए ड्रोन समेत अन्य माध्यमों से भेजी जा रही हेरोइन की खेपों से जुड़ा हुआ है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 किलो 29 ग्राम हेरोइन के अलावा एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और एक हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन लोगों के संपर्क में था, सीमा पार तस्करों से उसका नेटवर्क कैसे बना और वह अब तक कितनी बार हेरोइन की खेपों की सप्लाई में शामिल रहा। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।


