देशभर में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में तापमान लगातार गिर रहा है और कई जगह पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ में शुक्रवार को तापमान -10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि केदारनाथ में पारा -8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान गिरकर 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने भोपाल समेत मध्य प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है।
राजस्थान में 30 नवंबर तक शीतलहर का असर
राजस्थान में भी सर्दी का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 30 नवंबर तक शीतलहर चलने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
वहीं, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण सुबह के समय सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
कश्मीर में जमाव बिंदु से नीचे पहुंचा पारा
कश्मीर घाटी में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। श्रीनगर में गुरुवार रात न्यूनतम तापमान गिरकर -2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी के अधिकतर इलाकों में पारा शून्य से नीचे पहुंचने के कारण ठंड का असर और बढ़ गया है।
बढ़ती ठंड को देखते हुए सरकार ने कश्मीर के स्कूलों में फरवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फीली ठंड और मैदानी इलाकों में घने कोहरे के चलते आने वाले दिनों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।


