भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गुरदासपुर पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हथियारों की एक खेप बरामद की है। पुलिस और BSF की संयुक्त टीम ने गांव हरदोछन्नी के खेतों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध पैकेट मिला, जिसकी जांच करने पर उसमें से 2 पिस्तौल, 30 बोर के 59 जिंदा कारतूस और 4 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हथियारों की यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजी गई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री को कब्जे में ले लिया है।
कई धाराओं के तहत केस दर्ज
बरामदगी के बाद थाना सदर गुरदासपुर में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25, एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की धाराओं 3, 4, 5, 10, 11 और 11-A के अलावा एयरक्राफ्ट एक्ट की धारा 12 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हथियारों की खेप भेजने के पीछे शामिल लोगों तथा संभावित नेटवर्क का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


