चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 30 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। चंडीगढ़ टेरिटोरियल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एचएस लक्की की ओर से जारी इस सूची में वार्ड नंबर 1 से 35 तक के उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने सामान्य, अनुसूचित जाति (SC) और महिला आरक्षित वार्डों के हिसाब से प्रत्याशियों का चयन किया है।
नगर निगम चुनाव के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि 26 दिसंबर को मतगणना की जाएगी।
13 महिलाओं को मिला टिकट
कांग्रेस की ओर से घोषित 30 उम्मीदवारों में 21 सामान्य श्रेणी और 4 आरक्षित श्रेणी के प्रत्याशी शामिल हैं। पार्टी ने इस बार 13 महिलाओं को भी चुनाव मैदान में उतारा है। महिला आरक्षित वार्डों में सामान्य श्रेणी से चार और आरक्षित श्रेणी से एक महिला को टिकट दिया गया है। वहीं, महिला अनारक्षित वार्डों में सामान्य श्रेणी से सात और आरक्षित श्रेणी से एक महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारा गया है।
दो मौजूदा पार्षदों पर जताया भरोसा
कांग्रेस ने अपने दो मौजूदा पार्षदों को दोबारा चुनाव लड़ने का मौका दिया है। इनमें वार्ड नंबर 12 से सचिन गालव और वार्ड नंबर 34 से गुरप्रीत गाबी शामिल हैं। इसके अलावा वार्ड नंबर 17 से मोनिका नागपाल को टिकट दिया गया है, जो मौजूदा पार्षद दमनप्रीत की पत्नी हैं।
AAP से कांग्रेस में आए तीन नेताओं को टिकट
कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े रहे तीन पूर्व पार्षदों को भी उम्मीदवार बनाया है। इनमें वार्ड नंबर 18 से तरुण मेहता, वार्ड नंबर 23 से प्रेमलता और वार्ड नंबर 31 से रामचंद्र यादव शामिल हैं। ये तीनों पिछली बार आम आदमी पार्टी की टिकट पर पार्षद चुने गए थे।
पूर्व मेयर और रिटायर्ड DSP भी चुनाव मैदान में
कांग्रेस की सूची में कई चर्चित चेहरे भी शामिल हैं। वार्ड नंबर 26 से चंडीगढ़ की पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, वार्ड नंबर 13 से महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नंदिता हुड्डा चुनाव लड़ेंगी।
इसके अलावा वार्ड नंबर 24 से चरणजीत वर्क को टिकट दिया गया है। वह चंडीगढ़ पुलिस में DSP के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और उन्होंने वीरवार को ही कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी।


