Friday, November 27, 2026
Friday, November 27, 2026

संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी हलचल तेज, परिसीमन और महिला आरक्षण पर आज कैबिनेट में चर्चा; 850 तक हो सकती हैं लोकसभा की सीटें

Date:

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार और विपक्ष ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार दोपहर 1 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि सरकार पुराने विधेयकों में संशोधन कर उन्हें नए सिरे से संसद में पेश करने पर भी विचार कर सकती है।

दूसरी तरफ, कांग्रेस ने भी संसद के विशेष सत्र को लेकर अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। पार्टी ने शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है। सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में विशेष सत्र के दौरान विपक्ष की भूमिका और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।

इस बीच, डीएमके, वाईएसआरसीपी और एनसीपी (शरद पवार गुट) ने भी विधेयकों को सशर्त समर्थन देने के संकेत दिए हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक गलती साबित होगी।

30 नवंबर से शुरू होगा लोकसभा का विशेष सत्र

सरकार ने गुरुवार को जानकारी दी थी कि लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है। इसके बाद संसद के दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।

हालांकि, सरकार ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाएंगे या नहीं।

चर्चा है कि सरकार परिसीमन की प्रक्रिया को जनगणना से अलग कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान अनुपात में 50 प्रतिशत तक बढ़ाने का प्रस्ताव विचाराधीन हो सकता है।

विशेष सत्र में नहीं होगा प्रश्नकाल और शून्यकाल

संसद के विशेष सत्र के दौरान प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होगा। लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस सत्र में आवश्यक सरकारी कामकाज पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों का सत्र 3 दिसंबर तक चल सकता है।

543 से बढ़कर 850 हो सकती हैं लोकसभा की सीटें

प्रस्तावित विधेयकों के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 किए जाने की संभावना है।

सरकार का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था को लागू करने का रास्ता तैयार करना है। सरकार इस व्यवस्था को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की दिशा में काम कर रही है।

हालांकि, इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला कैबिनेट और संसद की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related