पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ‘पश्चिम बंगा’ किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को इसकी घोषणा की। इस संबंध में 9 दिसंबर को राज्य विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
अब तक 6 राज्यों के बदले जा चुके हैं नाम
देश में अब तक छह राज्यों के नाम बदले जा चुके हैं। इनमें सबसे हालिया बदलाव 2026 में हुआ, जब केरल का नाम बदलकर केरलम किया गया।
पश्चिम बंगाल का नाम ‘पश्चिम बंगा’ रखने के पीछे भाजपा का तर्क राज्य की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखना है। पार्टी के मुताबिक, 1947 में बंगाल के विभाजन के बाद इसका पश्चिमी हिस्सा भारत में रह गया था और इसे पश्चिम बंगाल के नाम से जाना जाने लगा।
भाजपा का कहना है कि ‘पश्चिम बंगा’ नाम राज्य के गठन और उसके ऐतिहासिक संदर्भ को बेहतर तरीके से दर्शाता है। वहीं, पार्टी के कुछ नेताओं ने ‘बांग्ला’ नाम पर आपत्ति जताई थी। उनका तर्क था कि यह नाम बांग्लादेश से मिलता-जुलता है।
1999 और 2011 में भी उठा था नाम बदलने का मुद्दा
पश्चिम बंगाल का नाम बदलने का मुद्दा नया नहीं है। इससे पहले भी 1999 और 2011 में राज्य का नाम ‘पश्चिम बंगा’ करने का प्रस्ताव सामने आ चुका है। अब एक बार फिर राज्य सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ाया है।
हालांकि, नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी होने के लिए विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद केंद्र सरकार की मंजूरी भी जरूरी होगी।


