Monday, November 23, 2026
Monday, November 23, 2026

पंजाब में 2027 चुनाव से पहले नए गठबंधन की तैयारी, अमृतपाल की पार्टी, अकाली दल (पुनर सुरजीत) और बसपा आएंगे साथ

Date:

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक समीकरण बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य में तीन राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही है। जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल-वारिस पंजाब दे, शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

इसी सिलसिले में रविवार देर शाम फरीदकोट में अकाली दल (पुनर सुरजीत) के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह और बसपा के प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह करीमपुरी के बीच बैठक हुई। इससे पहले बसपा और अमृतपाल सिंह की पार्टी गठबंधन को लेकर सहमति जता चुकी हैं।

अकाली दल (पुनर सुरजीत) के फरीदकोट से वरिष्ठ नेता अमनिंदर सिंह बन्नी ने बसपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारियों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी।

माझा, दोआबा और मालवा पर नजर

तीनों पार्टियों के बीच संभावित गठबंधन को पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी का प्रभाव माझा क्षेत्र की 25 विधानसभा सीटों पर माना जाता है। वहीं, बसपा का पारंपरिक वोट बैंक दलित समुदाय है और दोआबा क्षेत्र की 23 सीटों पर पार्टी की राजनीतिक मौजूदगी रही है।

दूसरी ओर, अकाली दल (पुनर सुरजीत) के साथ मिलकर अमृतपाल सिंह की पार्टी मालवा क्षेत्र की 69 विधानसभा सीटों पर भी अपना आधार बढ़ाने की तैयारी में है। इस क्षेत्र में बसपा के साथ आने से गठबंधन को दलित वोट बैंक का समर्थन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

माना जा रहा है कि तीनों दल क्षेत्रीय प्रभाव और अपने-अपने सामाजिक आधार को ध्यान में रखते हुए विधानसभा सीटों का बंटवारा कर सकते हैं। हालांकि, सीटों के बंटवारे और गठबंधन की औपचारिक रूपरेखा को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related