Saturday, November 21, 2026
Saturday, November 21, 2026

दादी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए सांसद अमृतपाल सिंह, 3 घंटे की कस्टडी पैरोल पर पहुंचे अमृतसर

Date:

पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतसर पहुंचे। वह पुलिस सुरक्षा के बीच ट्रॉली पर सवार होकर दादी की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस की टीमें उनके साथ तैनात रहीं।

इससे पहले अमृतपाल सिंह करीब एक घंटे तक अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में परिवार के सदस्यों के साथ रहे। शनिवार सुबह पंजाब पुलिस उन्हें बुलेटप्रूफ गाड़ी में अमृतसर एयरपोर्ट लेकर पहुंची। सुरक्षा कारणों से उन्हें एयरपोर्ट से पिछले रास्ते से बाहर निकाला गया। इस दौरान उन्हें हथकड़ी नहीं लगाई गई थी।

अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतसर की अदालत ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। उनकी दादी चरण कौर का निधन 8 नवंबर को हो गया था। हालांकि, अमृतपाल सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल न हो पाने के कारण परिवार ने संस्कार की प्रक्रिया रोक दी थी।

जानकारी के मुताबिक, अमृतपाल सिंह को शुक्रवार दोपहर असम की डिब्रूगढ़ जेल से दिल्ली लाया गया था। वहां उन्हें रातभर एक सुरक्षित ठिकाने पर रखा गया। इसके बाद शनिवार सुबह नियमित विमान से अमृतसर पहुंचाया गया। एयरपोर्ट पर उन्हें सुबह करीब 8:30 बजे से 10 बजे तक रखा गया था।

अमृतपाल सिंह को लाने और वापस ले जाने की पूरी प्रक्रिया पर करीब 10 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। अदालत के आदेश के अनुसार, इस खर्च का भुगतान उनके परिवार की ओर से किया गया है।

गौरतलब है कि अमृतपाल सिंह पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। अजनाला थाने पर हुए हमले के मामले में गिरफ्तारी के बाद उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगाया गया था, जिसके तहत उन्हें पंजाब से असम की जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related