पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। पार्टी प्रभारी भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को हटाए जाने के बावजूद पार्टी में गुटबाजी और नेताओं के बीच टकराव जारी है। अब पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी तथा लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के बीच पार्टी में अपना दबदबा कायम करने और बड़े चेहरे के रूप में उभरने की होड़ दिखाई दे रही है।
चरणजीत चन्नी खुद को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के तौर पर पेश करने की कोशिश में पिछले आठ दिनों से ‘जवानी संभाल साइकिल यात्रा’ निकाल रहे हैं। इस यात्रा का समापन आज (19 नवंबर) लुधियाना के खन्ना में होगा।
वहीं, राजा वड़िंग ने भी आज 21 नवंबर से ‘इंसाफ मार्च’ शुरू करने का ऐलान किया है। इसकी शुरुआत लुधियाना सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से होगी। वड़िंग के मुताबिक, यह मार्च पंजाब के सभी जिलों से होकर गुजरेगा और आगामी विधानसभा चुनाव तक जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया है कि यह कांग्रेस पार्टी का आधिकारिक कार्यक्रम है।
कांग्रेस की आधिकारिक यात्रा में बाजवा भी सक्रिय
दूसरी ओर, पंजाब कांग्रेस की आधिकारिक मुहिम ‘पंजाब मंगदा इंसाफ’ यात्रा में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी प्रमुखता से नजर आए थे। इस यात्रा में परगट सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी भी शामिल हो चुके हैं। अब राजा वड़िंग के मार्च को लेकर इन नेताओं का रुख क्या रहता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
तीन चरणों में मार्च निकालने की तैयारी
राजा वड़िंग ने अपने इंसाफ मार्च को अलग-अलग चरणों में आयोजित करने की योजना बनाई है।
-
पहला चरण: वड़िंग लुधियाना संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नौ विधानसभा क्षेत्रों में मार्च निकालेंगे। इस दौरान वह समर्थकों के साथ पैदल चलकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे।
-
दूसरा चरण: अपने गृह जिले श्री मुक्तसर साहिब की चारों विधानसभा सीटों पर मार्च निकालेंगे। आगामी चुनाव में वड़िंग या उनकी पत्नी के गिद्दड़बाहा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं। इस क्षेत्र में वड़िंग के समर्थकों की अच्छी पकड़ मानी जाती है।
-
तीसरा चरण: वड़िंग अपने करीबी नेताओं के विधानसभा क्षेत्रों में मार्च निकालेंगे। उनके साथ करीब 40 ऐसे नेता जुड़े हुए हैं, जिन्हें प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने टिकट दिलाने का भरोसा दिया था। ये नेता आगामी चुनाव में टिकट के दावेदार हैं और चाहते हैं कि वड़िंग उनके विधानसभा क्षेत्रों में मार्च निकालकर उनकी राजनीतिक दावेदारी को मजबूत करें।
पंजाब कांग्रेस में जारी इस राजनीतिक खींचतान के बीच अब देखना होगा कि चन्नी की साइकिल यात्रा और राजा वड़िंग का इंसाफ मार्च पार्टी के भीतर किस नेता की राजनीतिक ताकत को ज्यादा मजबूत करता है।


