अमृतसर में ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट 2026’ को लेकर आज अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में पंजाब सरकार की ओर से गठित तालमेल कमेटी और श्री अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ कमेटी के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक के दौरान कानून के विभिन्न प्रावधानों, उनमें संशोधन की जरूरत और इससे जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस बैठक को सरकार और श्री अकाल तख्त साहिब के बीच कानून को लेकर पैदा हुए मतभेदों को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
क्या है पूरा मामला और क्यों शुरू हुआ विवाद?
बिल में उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान
पंजाब सरकार ने 13 अप्रैल 2026 को विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) बिल, 2026’ पारित किया था। इस बिल में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने, इसकी साजिश रचने या इस अपराध में सहयोग करने वालों के लिए 10 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान किया गया। इसके साथ ही दोषियों पर 5 लाख से 25 लाख रुपये तक जुर्माना लगाने का प्रावधान भी शामिल किया गया।
अकाल तख्त साहिब ने जताई कुछ प्रावधानों पर आपत्ति
राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद 20 अप्रैल को इस बिल को कानून के रूप में अधिसूचित कर दिया गया। हालांकि, कानून लागू होने के बाद श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से इसके कुछ प्रावधानों पर आपत्ति जताई गई।
धार्मिक संस्थाओं के अधिकारों और सिख मर्यादा को लेकर उठे सवाल
श्री अकाल तख्त साहिब का कहना है कि इस कानून को तैयार करने से पहले सिख पंथ, श्री अकाल तख्त साहिब और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के साथ पर्याप्त विचार-विमर्श नहीं किया गया।
इसके अलावा कानून में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूपों के संरक्षक (कस्टोडियन), धार्मिक संस्थाओं के अधिकारों और सिख रहित मर्यादा से संबंधित कुछ प्रावधानों पर भी सवाल उठाए गए हैं।
कानून में जरूरी संशोधन की मांग
श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सरकार से इन आपत्तियों को दूर करने और कानून में आवश्यक संशोधन करने की मांग की गई है। इसी विवाद को सुलझाने और दोनों पक्षों के सुझावों पर सहमति बनाने के उद्देश्य से आज सरकार की तालमेल कमेटी और श्री अकाल तख्त साहिब की विशेषज्ञ कमेटी के बीच बैठक आयोजित की जा रही है।
इस बैठक में होने वाली चर्चा और सामने आने वाले सुझावों पर आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।


